देहरादून, उत्तराखंड। महिलाओं के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक बयान देने के मामले में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा के विरुद्ध
पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया था लेकिन मुस्लिम संगठनों द्वारा ललित शर्मा की गिरफ्तारी की मांग लगातार की जा रही है।
इसी क्रम में मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी एवं उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से मुलाकात कर मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के प्रतिनिधि के तौर पर पुलिस अधीक्षक (SP) देहरादून ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करते हैं और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई होना आवश्यक है। हालांकि, वार्ता के दौरान कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर संगठन ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इसके बाद मुस्लिम सेवा संगठन, महिला प्रतिनिधियों एवं समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव करने का ऐलान कर दिया। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी ने मुस्लिम सेवा संगठन एवं महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी बात सुनी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया गया कि ललित शर्मा के विरुद्ध जल्द से जल्द कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुस्लिम सेवा संगठन ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय में निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगा।
इस दौरान संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी, उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी, उत्तराखंड कांग्रेस सचिव स्वाति नेगी, समाजसेवी रिहाना खातून, आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र चौहान, कमर खान ताबी आदि उपस्थित रहे।



