मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैम्प कार्यालय में उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र की समीक्षा की। CM धामी ने अधिकारियों को राज्य के प्रत्येक विकासखण्ड से एक-एक गांव का चयन कर उसे ‘आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव’ के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थिति, जलवायु और भूमि की गुणवत्ता के अनुसार फलों-सब्जियों की पहचान कर योजनाबद्ध काम किया जाए।
मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए तीन वर्षीय विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही बड़े स्तर पर किसान प्रशिक्षण, उन्नत बीज-पौध, तिलहनी फसलों को बढ़ावा, जैविक खेती, बायोगैस संयंत्र, सौर पंपों के उपयोग और डिजिटल विपणन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।



