*ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सितारगंज, ऊधम सिंह नगर में ₹11 करोड़ की लागत से बनने वाले शक्तिफार्म को सिडकुल से जोड़ने वाले पुल का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सशक्त करने के साथ व्यापार, रोजगार और आवागमन की सुविधाओं को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत और औद्योगिक क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय उद्योगों को लाभ मिलेगा और किसानों तथा आम नागरिकों का समय और लागत दोनों बचेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद ऊधम सिंह नगर और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर निर्माण के अंतिम चरण में है। इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा

औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में एरोमा पार्क और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। इनसे क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।



