देहरादून: देश भर के साथ देहरादून में भी शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में न्यू दून वैली किंडर गार्डन हाई स्कूल में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह स्कूल परिसर में मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशमय कर दिया।मीडिया से बात करते हुए स्कूल संचालक मौलाना नूर इलाही जी ने सभी देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की ढेरों शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली है। हमें उन शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। मौलाना जी ने बच्चों को भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई और अन्य वीर शहीदों के बलिदान और संघर्ष की कहानियां भी सुनाईं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ देशसेवा और एकता के संस्कार भी अपनाने चाहिए।

समारोह के दौरान स्कूल में मिठाइयां भी वितरित की गईं। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
उधर, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए हर साल किए जाते रहेंगे।



