मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार-पांच दिन तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। उत्तराखंड में मानसून से पहले गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। चटक धूप खिलने से सामान्य तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी परेशान करेगी। हालांकि इस दौरान हल्की दौर की बारिश राहत भी दिलाएगी।
मौसम विभाग की मानें तो 21 जून को देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री इजाफे के साथ 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रहा। दिन भर चटक धूप खिलने से मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी ने परेशान किया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 22 से 25 जून के बीच मानसून पहुंचने का अनुमान है।



